-विकास कार्यों को लेकर श्री मुक्ति धाम विकास एवं निर्माण समिति ने की चर्चा
-श्री मुक्ति धाम में निगरानी के लिए लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। निर्माणाधीन श्री मुक्ति धाम के लिए क्यूआर कोड से भी दान कर सकते हैं। यह जानकारी श्री मुक्ति धाम विकास एवं निर्माण समिति के प्रवक्ता अनीश ठाकुर ने दी।
श्री मुक्ति धाम के विकास कार्यों को लेकर रविवार को समिति की बैठक हुई। समिति के अध्यक्ष रतनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनीश ठाकुर ने बताया कि सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि मुक्तिधाम परिसर में एक आधुनिक सुविधाओं से लैस पार्क का निर्माण किया जाएगा। वहीं मुख्य द्वार पर भी भगवान की मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि दानी सज्जनों की सुविधा के लिए अब समिति को क्यूआर कोड सुविधा मिल गई है, जिसे नगर के चिन्हित स्थानों पर लगाया जाएगा, ताकि लोग इस पुनीत कार्य में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने बताया कि इस दौरान सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शव दाह के लिए लकड़ी, पानी और अन्य उपकरणों के साथ शव वाहन मुहैया करवाने के लिए मात्र 5100 रुपये सहयोग राशि ली जाएगी, जबकि अति निर्धन परिवारों के साथ, वृद्धाश्रम, लावारिस शवों के लिए यह सुविधा निशुल्क रहेगी। बैठक में सालाना आय-व्यय का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया, जिसे सभा ने सर्वसम्मति से पारित किया।
अप्रैल के पहले सप्ताह में श्री मुक्ति धाम के निर्माण पर होने वाले सभी खर्च को लेकर ऑडिट करवाया जाएगा। वहीं इस परिसर में अवांछित गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने का भी निर्णय लिया गया। इस मौके पर ललित डोगरा, मनमोहन भंडारी, सुशील पुंडीर, सुरेश नड्डा, ओमप्रकाश गर्ग, पुरुषोत्तम शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।