घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव मेले में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में दमखम दिखाते नन्हें पहलवान। संवाद
हिमाचल कुमार, बिलासपुर कुमार, सामान्य वर्ग, महिला वर्ग में होंगे मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। राज्य स्तरीय ग्रीष्मोत्सव मेले में कुश्ती प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। समारोह में बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
कार्यक्रम में मेला कमेटी के अध्यक्ष एवं एसडीएम गौरव चौधरी ने मुख्यातिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। मुख्यातिथि ने कहा कि कुश्ती भारत की प्राचीन खेल परंपरा का अभिन्न अंग है। यह खेल न केवल शारीरिक ताकत बढ़ाता है, बल्कि युवा पीढ़ी में अनुशासन, मानसिक दृढ़ता और आत्मविश्वास को भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है, जो आगे चलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने मेला कमेटी को इस सराहनीय आयोजन के लिए बधाई दी। इन मुकाबलों में प्रदेश भर से आए पहलवानों ने भाग लिया और अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इसमें विशेष आकर्षण का केंद्र छोटे बच्चों के मुकाबले रहे। बच्चों की कुश्ती देख दर्शकों ने तालियों के साथ उनका हौसला बढ़ाया।
एसडीएम गौरव चौधरी ने बताया कि यह प्रतियोगिता हिमाचल कुमार, बिलासपुर कुमार, सामान्य वर्ग और महिला वर्ग में करवाई जा रही है। 9 अप्रैल को फाइनल मुकाबले होंगे। कार्यक्रम में स्थानीय प्रशासन के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, खेल प्रेमी, जनप्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।