विष्णु गांव में दंगल कमेटी के तत्वावधान में दंगल का आयोजन किया गया। इसमें कई नामी पहलवानों ने अखाड़े में अपने दावपेंच दिखाए। मल सम्राट का खिताब चंडीगढ़ के पहलवान विक्की ने जीता। बड़ी माली में उनका मुकाबला तलवंडी के संदीप पहलवान के साथ हुआ। कड़े मुकाबले में विक्की ने संदीप को पटकनी दी।
छोटी माली का फाइनल मुकाबला कैथल के अमन व सन्नी पहलवान के बीच हुआ। इसमें सन्नी विजेता रहे। इसके अलावा अंडर-16 विष्णु केसरी का खिताब विष्णु गांव के सूरज ने जीता। सूरज का मुकाबला टिकरी के अजय के साथ हुआ।
बड़ी माली के विजेता पहलवान को 9100 रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता को 8100 रुपये की राशि देकर सम्मानित किया गया। छोटी माली के विजेता पहलवान को 5100 रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता को 4100 रुपये तथा विष्णु केसरी के विजेता को 1800 रुपये व गुर्ज तथा उपविजेता को 1500 रुपये की इनाम राशि से नवाजा गया।
दंगल में समाजसेवी सुमन महाजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। जबकि, पंचायत प्रधान निशा ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। मुख्यातिथि ने विजेता पहलवानों को सम्मानित किया। उन्होंने दंगल कमेटी को अपनी ओर से 11 हजार रुपये की राशि प्रदान की।
इस अवसर पर दंगल कमेटी के प्रधान धनी राम, उपप्रधान दलेल सिंह, पंकज महाजन, कुबेर ठाकुर, विक्रम, श्याम कौंडल, अनुराज गौतम, अरुणेश ठाकुर, निक्का राम, प्रेम लाल व चंपत ठाकुर सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।