भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना के कार्यों की समीक्षा बैठक में चर्चा करते अधिकारी। स्
डीसी ने बैठक में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा, बिजली-पानी और पेड़ों के मूल्यांकन की समीक्षा की
नवनिर्मित मकानों में बिजली-पेयजल कनेक्शन देने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना के कार्यों में तेजी लाने के लिए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने संबंधित विभागों और रेलवे अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने शनिवार को बचत भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए परियोजना से जुड़े भूमि अधिग्रहण, कब्जा लेने, प्रभावित परिवारों की समस्याओं, विद्युत एवं पेयजल सुविधाओं, पेड़ों के मूल्यांकन समेत विभिन्न मामलों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि किलोमीटर 20 से 52 तक परियोजना के लिए आवश्यक भूमि का अधिग्रहण पूरा कर लिया गया है। अदालत में लंबित एक मामले के निपटारे के बाद संबंधित भूमि का भी अधिग्रहण कर लिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को अधिग्रहित भूमि का कब्जा जल्द सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में सुरंग नंबर-19 से जुड़ी जनसमस्याओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने रेलवे कार्य के लिए स्थापित 11 केवी विद्युत लाइन से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित लंबित मामले का भी प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा। अधिग्रहित मकानों के बदले बनाए गए नए घरों में बिजली और पेयजल कनेक्शन उपलब्ध करवाने से संबंधित मामलों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों को ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित परिवारों को किसी तरह की परेशानी न हो। बैठक में किलोमीटर 52 से 60.500 तक भूमि अधिग्रहण की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने वन विभाग के अधिकारियों को जल्द मूल्यांकन रिपोर्ट उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और परियोजना पर कार्य कर रही एजेंसियों को निर्देश दिए कि रेल लाइन से जुड़े सभी लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि मामलों के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, ताकि भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल लाइन परियोजना के कार्यों की गति प्रभावित न हो। बैठक में एसडीएम सदर राज कुमार, एसडीएम श्री नयना देवी जी धर्मपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और रेलवे के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।