नगर परिषद के उपाध्यक्ष और पार्षद सीवरेज कार्य का जायजा लेते हुए।
- फोटो : BILASPUR
घुमारवीं (बिलासपुर)। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के कार्यभार संभालते ही नगर परिषद ने काम शुरू कर दिया है। नगर परिषद बनने के दूसरे दिन बाद ही पदाधिकारियों ने क्षेत्र की सबसे बड़ी सीवरेज समस्या पर काम शुरू कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि घुमारवीं में सीवरेज की सुविधा हर वार्ड में उपलब्ध नहीं है। चुनाव के समय उम्मीदवारों ने जनता के साथ इसको लेकर वादा किया था। पुराना बस स्टैंड और नगर परिषद कार्यालय में भी सीवरेज सुविधा नहीं है। वीरवार को यहां सीवरेज लाइन बिछाने का काम शुरू हो गया है। वार्ड नंबर दो से जीत कर आए कपिल शर्मा और उपाध्यक्ष श्याम शर्मा ने सीवरेज बिछाने के लिए शुरू किए काम का निरीक्षण किया। उन्होंने काम कर रहे कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि इसे तय समय में पूरा करें।
युवा अवदेश चंदेल, राहुल उप्पल, अनुज, विक्रांत ठाकुर, रॉकी ठाकुर, अभिषेक टेसू, निशांत, अमित ने कहा कि चुनावों के समय बडे़-बडे़ वादे किए जाते हैं, उन्हें धरातल में उतारने की जरूरत होती है। नगर परिषद में इस बार युवा और अनुभव वालों को जनता ने मौका दिया है। अब सही ढंग से काम करने की जरूरत है।
लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद और विश्वास है कि इस बार नगर परिषद के चुनिंदा पार्षद धरातल पर काम करेंगे। पुराने बस स्टैंड के लोग सालों से मांग कर रहे थे कि सीवरेज की समस्या का समाधान करें। वह कार्य अब जाकर शुरू हुआ है। नगर परिषद के उपाध्यक्ष श्याम शर्मा ने कहा कि चुनाव के समय जो वादे लोगों से किए थे उन्हें एक एक करके पूरा किया जाएगा। नगर परिषद का दायित्व मिलते ही पुराने बस स्टैंड के लोगों की काफी समय से लंबित सीवरेज की मांग का कार्य शुरू कर दिया है। इसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।