बरमाणा(बिलासपुर)। दी गागल सीमेंट वर्कर्स यूनियन बरमाणा के अध्यक्ष शिवराम सांख्यान ने लॉकडाउन के बाद फैक्ट्री से निकाले गए 10 सुरक्षा कर्मी, 3 एंबुलेंस चालक और फ्लाई आस अनलोडिंग स्टेशन के मजदूरों की बहाली की मांग की है। उन्होंने कहा कि उक्त विभाग के कुछ कर्मियों को को लॉकडाउन के बाद काम पर वापस नहीं बुलाया है। वहीं, फैक्ट्री में तैनात सुरक्षा कर्मियों को भी 15 दिन ही काम पर बुलाया जा रहा है। कहा कि उन्हें पूरा महीना काम पर बुलाया जाए, ताकि उन्हें पूरे माह का वेतन मिल सके।
सांख्यान ने कहा कि फैक्ट्री में नियमित और ठेका श्रमिकों की 21 मई से कोरोना से पहले की स्थिति बहाल है। कहा कि मजदूरों से पूरा महीने काम लिया जा रहा है परन्तु जिन्होंने अपनी जवानी देश की सेवा मे समर्पित की है। आज उन कुछ सुरक्षा कर्मियों को कंपनी ने नौकरी से बाहर कर दिया है। वहीं जो लगभग 70 कर्मी काम पर रखे हैं उनसे महीने मे 15 से 17 दिन ही काम लिया जा रहा है। जबकि उद्योग पहले की तरह पूरा उत्पादन कर रहा है। कहा कि जिन सुरक्षा कर्मियों ने लॉक डाउन में अपनी जान जोखिम में डाल कर पूरी ड्यूटी दी है। उनका भी वेतन कंपनी ने काट लिया है। यूनियन ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि उक्त श्रमिकों की नौकरी की बहाली करवाई जाए।