डीएवी स्कूल बिलासपुर में वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में करवाईं गतिविधियां
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर में आयोजित 1 एचपी नेवल यूनिट एनसीसी इकाई के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन की शुरुआत प्रातःकालीन शारीरिक प्रशिक्षण और व्यायाम से हुई। इसके बाद दिनभर विभिन्न प्रशिक्षण गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कैंप कमांडेंट कमांडर सज्जन कुमार ने कैडेट को सर्विस सिलेक्शन बोर्ड की चयन प्रक्रिया, अधिकारी बनने के लिए आवश्यक गुण, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और साक्षात्कार की तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कैडेट को भारतीय सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी बनने के लिए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान शिविर में आयोजित अंतर-संस्थागत रस्साकशी प्रतियोगिता के परिणाम भी घोषित किए गए। प्रतियोगिता में कुल नौ टीमों ने भाग लिया। बालक वर्ग में इंडस यूनिवर्सिटी ऊना ने पहला और राजकीय महाविद्यालय सरकाघाट ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग में एनआईटी हमीरपुर ने पहला और इंडस यूनिवर्सिटी ऊना ने दूसरा स्थान हासिल किया। कैंप कमांडेंट कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर कैडेट्स में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।