ग्राम पंचायत टाली में आयोजित महिला मंडल की बैठक में मौजूद महिलाएं व अन्य। स्रोत: महिला मंडल
ज्योर और टिक्करी गांवों में डिस्पोजल सामग्री पर पूरी तरह रोक
महिला मंडल का फैसला, शादी-ब्याह और धार्मिक आयोजनों में स्टील के बर्तन व पत्तल का होगा इस्तेमाल
संवाद न्यूज एजेंसी
स्वारघाट (बिलासपुर)। ग्राम पंचायत टाली के गांव ज्योर और टिक्करी में लक्ष्मी महिला मंडल की ओर से अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों की अध्यक्षता पंचायत समिति खंड स्वारघाट के अध्यक्ष रूप लाल ठाकुर ने की। इस दौरान महिला मंडल ने गांव में होने वाले सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में डिस्पोजल सामग्री का इस्तेमाल पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया।
महिला मंडल ने निर्णय लिया कि गांव में होने वाले शादी समारोह, व्रत-उद्यापन, शोक कार्यक्रम और अन्य निजी आयोजनों में डिस्पोजल गिलास, पत्तल, लिफाफे और स्वास्थ्य व पर्यावरण के लिए हानिकारक अन्य सामग्री का प्रयोग नहीं किया जाएगा। महिला मंडल की प्रधान मंजू देवी ने कहा कि डिस्पोजल सामग्री के बढ़ते इस्तेमाल से पर्यावरण प्रदूषण के साथ स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याएं पैदा हो रही हैं। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस पहल में सहयोग करने और अपने निजी कार्यक्रमों में भी डिस्पोजल सामग्री का प्रयोग न करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में पत्तों से बनी पत्तल, स्टील की थाली और गिलास का इस्तेमाल किया जाए। इससे कचरा कम होगा और गांव का वातावरण भी स्वच्छ रहेगा। बैठक में पंचायत पंचायत सदस्य सोना देवी और लक्ष्मी महिला मंडल ज्योर और टिक्करी की सदस्य मौजूद रहीं।