- हीरापुर में ग्रामीणों को दी कैंसर, एनीमिया से बचाव की जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। स्वास्थ्य खंड झंडूता की पंचायत हीरापुर में कैंसर, एनीमिया और गैर संचारी रोगों पर जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। इसकी अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रधान प्रताप सिंह और देवानंद ने की।
शिविर में खंड स्वास्थ्य शिक्षक रमेश चंदेल ने मुख्य वक्ता के रूप में कहा कि वर्तमान समय में कैंसर एक भयानक बीमारी के रूप में उभर कर सामने आई है। 14 लाख कैंसर के मामलों में से लगभग 7 लाख महिलाएं होती हैं। इनमें भी करीब 50 प्रतिशत महिलाओं की मृत्यु हो जाती है। वहीं महिलाएं भी डॉक्टर के पास तभी जाती हैं जब बीमारी अनियंत्रण की स्थिति में पहुंच जाती है। उन्होंने महिलाओं से आग्रह किया कि 18 वर्ष से ऊपर आयु वाली सभी महिलाएं नियमित रूप से हर 2 साल में एक बार ब्रेस्ट कैंसर और सर्वाइकल कैंसर के लिए कोई भी तकलीफ होने पर भी अवश्य जांच करवाएं। कैंसर का इलाज मुश्किल है परंतु नामुमकिन नहीं। उन्होंने कहा कि धूम्रपान से बचना, संतुलित आहार लेना, नियमित व्यायाम, शराब के सेवन से बचना, सूरज की यूवी किरणों से बचाव, सही इलाज और कंसल्टेंसी, समय-समय पर शारीरिक परीक्षण और जांच-पड़ताल आदि कैंसर से बचाव के सही तरीके हैं। पंचायत प्रधान ने कैंसर से बचाव के तरीकों पर अमल करने के लिए लोगों से आग्रह किया। शिविर में स्वास्थ्य कार्यकर्ता रामप्यारी, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी अंजलि, आशा कार्यकर्ता कुमारी मीना चंदेल, शकुंतला, निशा, सरवन, अनंत राम, मान सिंह, चंद्रेश, शांता देवी, लीला, करतार सिंह, प्यार सिंह, धर्म सिंह, जगदीश, रतनलाल, सुमन, सुनीता उपस्थित रहे।