यूको आरसेटी का एक माह का निशुल्क प्रशिक्षण शुक्रवार को होगा संपन्न
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं ले रहीं प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार के अवसरों से जोड़ने के लिए यूको ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) की ओर से निशुल्क ड्राइविंग प्रशिक्षण दिया जा रहा है। 23 सितंबर से शुरू हुआ एक माह का यह प्रशिक्षण शुक्रवार को संपन्न होगा। इसमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी 12 महिलाएं वाहन चलाना सीख रही हैं।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को वाहन चलाने से संबंधित जरूरी जानकारी देने के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिलाओं को वाहन चलाने में दक्ष बनाना और उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना है, ताकि वे रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर तलाश सकें।
यूको आरसेटी के जिला प्रबंधक चंद्रशेखर यादव ने बताया कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के लोगों, विशेषकर महिलाओं को विभिन्न कौशलों में प्रशिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाना है। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने के लिए संस्थान की ओर से समय-समय पर अलग-अलग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
उन्होंने बताया कि ड्राइविंग प्रशिक्षण के अलावा संस्थान में खिलौना निर्माण, ब्यूटी पार्लर, मशरूम उत्पादन और सिलाई सहित अन्य गतिविधियों का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कौशल सीख सकती हैं। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद वे रोजगार तलाशने के साथ अपना काम शुरू करने की दिशा में भी कदम बढ़ा सकती हैं।