संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण कुमार ने बताया कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम (जेएसएसवाई) गर्भवती महिलाओं और नवजात शिशुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए शुरू किया गया है। योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं और एक वर्ष तक आयु तक के नवजात शिशुओं को खर्चों से मुक्त रखा गया है।
कार्यक्रम शुरू करने का मुख्य उद्देश्य मातृ मृत्यु दर और शिशु मृत्यु दर में भी कमी लाना है। योजना के तहत सभी गर्भवती महिलाओं को राजकीय चिकित्सा संस्थानों में प्रसव कराने पर प्रसव संबंधी पूर्ण व्यय का वहन, प्रसव पूर्व, प्रसव के दौरान और प्रसव बाद दवाइयां निशुल्क उपलब्ध करवाए जाएंगे। जांच भी निशुल्क होगी। संस्थागत प्रसव होने पर तीन दिन और सिजेरियन ऑपरेशन होने पर सात दिन निशुल्क भोजन दिया जाएगा। योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को मुफ्त दवाएं एवं खाद्य, मुफ्त इलाज, जरूरत पड़ने पर मुफ्त खून उपलब्ध कराया जाता है। इसमें घर से केंद्र जाने और वापसी के लिए मुफ्त यातायात सुविधा प्रदान की जाती है। इसी प्रकार की सुविधा सभी बीमार नवजात शिशुओं के लिए दी जाती है। कार्यक्रम के तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं को योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है।