शाहतलाई(बिलासपुर)। तलाई पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोसरियां में चल रहा शराब का ठेका सुर्खियों में चल रहा है। उल्लेखनीय है कि गांव कोसरियां में चल रहे शराब के ठेके के कारिदों ने एक माह पहले बडगांव गलू पंचायत के गांव डोहक में एक शराब की दुकान खोल दी जिसका महिलाओं ने विरोध किया। इसके चलते विभाग ने डोहक की दुकान को बंद करवा दिया। इसके बाद ग्राम पंचायत नध्यार के गांव बल्ली में शराब की दुकान पंचायत की बिना सहमति से खोल दी।
जिस का गांव नध्यार की महिलाओं ने जोरदार विरोध किया। विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं की आवाज को सही मानते हुए शराब की दुकान को घरवासड़ा गांव में शाहतलाई-लठयानी सड़क पर खोल दिया। जहां वीरवार को घरवासड़ा, ड़ाहड व कोठी की महिलाओं ने विभाग को तुरंत शराब की दुकान हटाने की चेतावनी दे दी। धरवासड़ा महिला मंडल की प्रधान वीना देवी, पंचायत प्रधान विजय कुमार, पंचायत सदस्य कमल देव व महिला मंडल की सदस्य हुक्मी देवी, रतनी देवी, प्रेमी देवी, निर्मला देवी, अंजू कुमारी, संतोष कुमारी, किरण कुमारी, कांता देवी, कौशल्या देवी, आशा देवी, सपना देवी ने घुमारवीं आबकारी विभाग के इंस्पेक्टर निर्देश चौहान को एक ज्ञापन देकर इस दुकान को शीघ्र बंद करने की मांग की । उधर निर्देश चौहान ने महिलाओं को आश्वासन दिया कि 2 दिन के अंदर-अंदर इस शराब की दुकान को बंद कर दिया जाएगा।