शुक्रवार सुबह पड़ी बारिश से श्री नयना देवी क्षेत्र एक बार फिर ठंड की चपेट में आ गया है। बारिश से बढ़ी ठंड के कारण विश्व विख्यात शक्तिपीठ श्रीनयना देवी जी मंदिर में शुक्रवार को आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी कम रही।
श्रद्धालुओं की घटी संख्या के कारण दुकानदारों का धंधा भी मंदा रहा। क्षेत्र की अधिकांश दुकानें बंद ही रही। जबकि कुछ खुली दुकानों के दुकानदारों ने अंगीठी सेंककर समय व्यतीत किया।
दुकानदार प्रदीप चंदेल, राजेश और गोल्डी ने बताया कि शुक्रवार सुबह पड़ी बारिश के कारण अधिकांश दुकानें बंद हैं। ठंड बढ़ने से मंदिर में भी श्रद्धालु कम संख्या में ही पहुंचे।
विदित रहे कि श्रीनयना देवी मंदिर में प्रतिदिन हिमाचल, पंजाब और दिल्ली सहित अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचते हैं। लेकिन, शुक्रवार सुबह हुई बारिश से बढ़ी ठंड से मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या कमी दर्ज की गई है।