पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने वाले घराण पंचायत के खमेड़ा कलां गांव के ग्रामीणों का सड़क से जुड़ने का सपना साकार होने की उम्मीद जाग गई है।
उपायुक्त ने तहसीलदार झंडूता को सड़क के लिए जल्द डिमार्केशन करने के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को हमीरपुर संसदीय क्षेत्र युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं एपीएमसी अध्यक्ष विवेक कुमार की अध्यक्षता में ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त मानसी सहाय ठाकुर से मुलाकात की।
उपायुक्त ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि गांव में चल रही बिजली और पानी की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा।
गौरतलब है कि पंचायत चुनाव में खमेड़ा कलां के ग्रामीणों ने पंचायत चुनावों का बहिष्कार किया था। इस वजह से घराण पंचायत के इस वार्ड से मतपेटियां खाली ही आईं।
शुक्रवार को ग्रामीणों ने उपायुक्त से मुलाकात की और मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि भगतपुर से लेकर खमेड़ाकलां के लिए बनने वाली सड़क के निर्माण को दो किलोमीटर आगे कुछ स्थानीय लोगों ने रुकवा दिया है।
यहां पर लोगों की आपत्ति थी कि उनकी निजी भूमि से होकर उक्त सड़क को निकाला जा रहा है। विवेक कुमार ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के समक्ष मांग रखी है कि इस सारे इलाके की निशानदेही करवाई जाए ताकि निजी और सरकारी भूमि की वास्तविकता का पता चल सके।
निशानदेही के दौरान आवश्यक हो तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारी एसडीओ और जेई भी मौके पर मौजूद रहें। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त से यह भी कहा करीब पांच सौ लोगों के लिए महत्वपूर्ण इस सड़क को बनवाने के लिए व्यक्तिगत रुचि लें और आवश्यक हो तो मौके का दौरा भी करें।
लोगों ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, उपायुक्त बिलासपुर मानसी सहाय ठाकुर से मांग की है कि करीब चार दशकों से सड़क के लिए तरस रहे ग्रामीणों को राहत प्रदान की जाए। प्रतिनिधिमंडल में राजकुमार, उत्तम सिंह, रोशन लाल, संजय कुमार, नरेश कुमार, सुभाष चंद, अनिल कुमार और दिला राम शामिल थे।