अमर उजाला इंपैक्ट
खबर प्रकाशित होने के बाद हरकत में आया विभाग
अस्थायी तौर पर पाइप लाइन की हुई मरम्मत
संवाद न्यूज एजेंसी
श्री नयना देवी जी (बिलासपुर)। शक्तिपीठ श्री नयना देवी जी में चौथे दिन पेयजल आपूर्ति शुरू हो गई है, जिससे लोगों ने राहत महसूस की है। विभाग की ओर से पाइप की मरम्मत करवाई गई, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो सकी है। चार दिन लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा, जिससे विभाग के प्रति रोष बढ़ रहा था।
बता दें कि चार दिन से श्री नयना देवी जी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। लोगों को रोजमर्रा की गतिविधियां खाना बनाना, सफाई और बच्चों की देखभाल सब प्रभावित हो रही थी। लोग मजबूरी में मिनरल वाटर खरीदने और डिस्पोजेबल प्लेट एवं गिलासों का इस्तेमाल करने पर मजबूर रहे। इस मुद्दे को अमर उजाला ने रविवार के अंक में नप नयना देवी जी में पानी की सप्लाई ठप शीर्षक के साथ प्रमुखता से उठाया। इसके बाद नलों में पानी टपकना शुरू हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार विभाग ने अस्थायी तौर पर पेयजल योजना बहाल की है। मुख्य पाइप लाइन को बदलना अभी शेष है। विभाग ने अभी जहां पर लीकेज थी वहां पर वेल्डिंग करवा दी है, लेकिन यह पूरी तरह से स्थायी समाधान नहीं है। पाइपलाइन इतनी खराब हो चुकी है कि उसमें दोबारा कभी भी लीकेज हो सकती है। हालांकि विभाग ने फिलहाल पाइप की मरम्मत कर लोगों को राहत पहुंचाई है। लोगों ने विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि दिन में दो बार पानी की आपूर्ति की जाए, क्योंकि पूरे दिन में विभाग की ओर से बाजार में मात्र एक घंटा और मंदिर के नजदीक वार्ड नंबर 1 में आधा घंटा पानी की आपूर्ति की जा रही है। यह बहुत कम है। लोगों का यह भी कहना है कि जब पानी की आपूर्ति बाधित होती है तो उनके भारी भरकम बिलों में भी कटौती होनी चाहिए। कर्मचारियों की कमी भी इस समस्या का बड़ा कारण मानी जा रही है। उधर, अधिशासी अभियंता श्याम सिंह पुंडीर का कहना है कि जल्द ही पाइपों के टेंडर किए जाएंगे, जिसके बाद जहां-जहां से पाइपलाइन खराब हो गई है, उन्हें बदला जाएगा।