घुमारवीं क्षेत्र में सैकड़ों लोगों को बरसात के मौसम में मटमैले पानी की आपूर्ति से निजात दिलवाने की कवायद शुरू हो गई है। आईपीएच 1.50 करोड़ की राशि खर्च कर घुमारवीं में फिल्टर वाटर प्लांट बनाया जाएगा। इस कारण यहां के सैकड़ों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
टैंक के साथ फिल्टर टैंक का निर्माण भी किया जाएगा। इस फिल्टर टैंक का निर्माण घुमारवीं में बने आईपीएच के टैंक के पास किया जाएगा। इसके बनने से क्षेत्र में लोगों को मटमैले पानी की आपूर्ति रुक जाएगी। क्योंकि यहां के लिए सीर खड्ड से पानी उठाया जाता है। इस कारण कारण बरसात में मटमैला पानी होने के कारण पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पाती थी। इसे देखते हुए उक्त फैसला लिया गया है। फिल्टर टैंक के निर्माण से क्षेत्र की ग्राम पंचायत घुमारवीं, नप घुमारवीं, पंचायत कोठी, लूहारवी अन्य पंचायतों के सैकड़ों लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
घुमारवीं विधान सभा क्षेत्र में 2016-17 में गांव में जहां पानी की समस्या अधिक है वहां पर भी प्राथमिकता के आधार पर हैंडपंप लगाने की योजना है।
सीपीएस राजेश धर्माणी ने कहा कि क्षेत्र के लोगों को पानी की सब से अधिक परेशानी पेश आती है। कई बार बरसात के मौसम में भी पानी की आपूर्ति नहीं हो पाती है। इस मामले में प्रदेश सरकार के समक्ष रखा गया था। जहां से फिल्टर टेंक निर्माण के लिए 1.50 करोड़ की राशि मंजूर की गई है।