भराड़ी(बिलासपुर)। भराड़ी थाना के तहत आने वाले लिंग बलोटा गांव में पानी की स्कीम पर तैनात वाटर गार्ड की ड्यूटी के दौरान लोगों द्वारा धुनाई करने का मामला सामने आया है। मारपीट में वाटर गार्ड देशराज को सिर, मुंह व पीठ में चोटें आई है। यहां तक कि मारपीट में वाटर गार्ड के दांत भी हिल गए हैं। वाटर गार्ड की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसका मेडिकल करवा दिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
पुलिस को दी शिकायत में वाटर गार्ड देशराज ने बताया कि बुधवार को सुबह करीब साढ़े 7 बजे वह लिंग बलोटा टैंक पर मौजूद था। उस समय गांव के 10 से 15 लोग टैंक पर आ गए और उसे पानी छोड़ने को कहने लगे। देशराज के मुताबिक गर्मियों के मौसम में तीसरे दिन पानी की सप्लाई हो पा रही है। उसने फिर भी गांव के लोगों को कहा कि वह पानी छोड़ रहा है। इतने में तीन चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया। एक ने उसे पकड़ा व एक उसके साथ मारपीट करने लगा। देशराज ने बताया कि आजकल कोरोना संक्रमण फैला हुआ है। फिर भी वाटर गार्ड लोगों को पानी मुहैया करवा रहे हैं।
गर्मियों के मौसम होने के कारण पानी की सप्लाई कम हो रही है तो लोग उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। देशराज ने कहा कि अगर किसी को पानी की समस्या थी तो उच्चाधिकारियों से वह संपर्क कर सकते थे। टैंक पर आकर उन्होंने ड्यूटी टाइम में उसके साथ मारपीट कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने धारा 341, 323 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। डीएसपी अनिल कुमार ने मामले की पुष्टि की है।