झंडूता(बिलासपुर)। कोटधार क्षेत्र की 16 पंचायतों सहित झंडूता उपमंडल की 22 पंचायतों के लिए पेयजल योजना के लिए राज्य सरकार ने 38 करोड़ रुपये की राशि मंजूर कर दी। हालांकि इस योजना पर करीब 50 करोड़ का खर्च आना है। इस योजना के तहत हर रोज गोबिंदसागर से 80 लाख लीटर पानी उठाया जाएगा। इस योजना के तहत अगले 50 सालों तक क्षेत्र के लोगों को पानी की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
उल्लेखनीय है कि कोटधार क्षेत्र में लोगों को दशकों से पानी की समस्या से दो चार होना पड़ रहा था। हालांकि लोगों को पानी की समस्या का समाधान के लिए हर बार केवल आश्वासन मिलते थे लेकिन गर्मी का मौसम शुरू होते ही क्षेत्र में पानी के लिए हाहाकार मच जाता है। अब लोगों की दशकों से चली आ रही यह समस्या जल्द दूर हो जाएगी।
इसके अलावा कोटधार क्षेत्र में पुरानी पेयजल योजनाओं की खराब हो चुकी पाइपों को बदलने के लिए भी सरकार ने अलग से 1.81 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है जिससे वर्तमान में चल रही पेयजल योजनाओं की टूट चुकी और खराब हो चुकी लाइनों को 1.81 करोड़ रुपये से बदला जाएगा।
इनसेट...
झंडूता के विधायक जेआर कटवाल ने बताया कि सरकार ने कोटधार क्षेत्र के लिए पानी की योजना के लिए 38 करोड़ की राशि जारी कर दी है। अगले ढाई से तीन साल में पेयजल योजना बन कर तैयार हो जाएगी। जबकि इसी योजना पर 5 से 10 करोड़ और धन खर्च किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह योजना आधुनिक तरीके से बन कर तैयार होगी और योजना अगले 50 सालों को ध्यान में रख कर बनाई गई है।