चंडीगढ़- मनाली हाईवे पर लगा जाम, जिस कारण करीब 15 घंटे तक वाहन जाम में फंसे रहे।
- फोटो : BILASPUR
जामली(बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर सोमवार देर शाम को विभिन्न चार स्थानों पर वाहनों के खराब हो जाने से हाईवे करीब 15 घंटे बंद रहा। हाईवे पर जाम के कारण करीब 18 किमी लंबी वाहनों की लाइनें लग गईं। वहीं जाम को बहाल करने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ा। तमाम प्रयासों के बाद सोमवार रात 9 बजे का लगा जाम मंगलवार 12 बजे के आसपास बहाल किया गया।
जानकारी के अनुसार जामली के पास 3 किलोमीटर के बीच 4 गाड़ियां खराब हो गईं जिनके कारण दोनों तरफ जाम लगा रहा। यह जाम लगभग दोनों तरफ 18 किलोमीटर तक लंबा चला गया।
हालांकि जाम को खुलवाने की कोशिश में पुलिस भी मौके पर पहुंची लेकिन पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद भी सड़क बहाल होने में करीब 15 घंटे का समय लग गया। वहीं जाम के कारण जहां बसों और निजी वाहनों में सफर करने वालों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसके अलावा करीब चार रोगी वाहन भी जाम में फंसे रहे। वहीं मंगलवार सुबह स्कूली बच्चों को पैदल चलकर स्कूल में पहुंचना पड़ा है। वहीं सरकारी कर्मचारियों और कॉलेज छात्रों को इस जाम से परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं कर्मचारियों को कई किमी पैदल सफर कर अपने कार्यालय में पहुंचना पड़ा।
उल्लेखनीय है कि हाईवे पर जाम लगना आम बात हो चुकी है। पिछले एक महीने के रिकॉर्ड पर गौर करें तो हाईवे पर चार बार इस प्रकार का जाम लगा चुका है जिसमें वाहनों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है।
इधर, इस संबंध में एएसपी भागमल ठाकुर ने बताया कि जैसे ही पुलिस को जाम की सूचना मिली। पुलिस दल मौके पर रवाना कर दिए गए थे। कहा कि वाहन चालकों की डबल लाइन बना देने से जाम बहाल करने में पुलिस को भी कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।