फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bilaspur News: जिले में पहले चरण में 76.45 फीसदी मतदान, श्री नयनादेवी जी विकास खंड में सबसे ज्यादा 80.45 फीसदी

विज्ञापन
ग्राम पंचायत घराण के वार्ड नंबर 2 में 3:00 के बाद भी करीब 70 व्यक्ति लाइन में लगे हुए थे। संवाद
विज्ञापन
घुमारवीं विकास खंड में सबसे कम 73.36 फीसदी वोटिंग
विज्ञापन

महिलाओं ने 81.37 फीसदी और पुरुषों ने किया 72.83 फीसदी मतदान

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला बिलासपुर में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव मंगलवार को संपन्न हो गए। जिले की 62 ग्राम पंचायतों में हुए मतदान में ग्रामीण मतदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और कुल 76.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान को लेकर गांवों में सुबह से ही लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। मतदान केंद्र खुलने से पहले ही कई स्थानों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लग गई थीं।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया। खास बात यह रही कि महिला मतदाताओं ने पुरुषों की तुलना में अधिक उत्साह दिखाते हुए ज्यादा मतदान किया। चुनाव प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू होकर शाम तीन बजे तक शांतिपूर्ण ढंग से चली। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पहले चरण के चुनाव में महिला मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। जिला प्रशासन की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार महिला मतदान प्रतिशत 81.37 दर्ज किया गया, जबकि पुरुषों का मतदान प्रतिशत 72.83 फीसदी रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी ने पंचायत चुनावों को लेकर बढ़ती जागरूकता का संकेत दिया। कई पंचायतों में महिलाएं समूहों में मतदान केंद्रों तक पहुंचीं। बुजुर्ग महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मतदान प्रतिशत के लिहाज से श्री नयना देवी जी विकास खंड पूरे जिले में सबसे आगे रहा। यहां कुल 80.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, जो जिले के चारों विकास खंडों में सबसे अधिक रहा। वहीं सदर बिलासपुर विकास खंड की 17 पंचायतों में 79.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। झंडूता विकास खंड में 75.16 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि घुमारवीं विकास खंड सबसे पीछे रहा, जहां कुल 73.36 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अगर उपमंडलों की बात करें तो श्री नयना देवी जी क्षेत्र ने मतदान प्रतिशत में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि घुमारवीं क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया।
विज्ञापन

इनसेट
चार विकास खंडों की 62 पंचायतों में मतदान
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि राज्य चुनाव आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के तहत जिले की 62 ग्राम पंचायतों में पहले चरण का मतदान करवाया गया। इन पंचायतों में विकास खंड सदर बिलासपुर की 17 पंचायतें, घुमारवीं विकास खंड की 21 पंचायतें, श्री नयना देवी जी विकास खंड की 9 पंचायतें, झंडूता विकास खंड की 15 पंचायतें शामिल थीं। चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए थे। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इसके अलावा अधिकारियों की टीमें लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण करती रहीं।
विज्ञापन

इनसेट
तीन बजे के बाद भी लगी रहीं लाइनें
झंडूता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घराण के वार्ड नंबर दो में 3 बजे के बाद भी करीब 70 मतदाता लाइन में लगे थे। यहां पर वोटिंग देर से खत्म हुई। इसके अलावा बरमाणा के वार्ड नंबर चार में भी तीन बजे के बाद तक मतदाता लाइनों में लगे रहे। पूरे जिले में मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस विभाग पूरे दिन सक्रिय रहे।

ग्राम पंचायत घराण के वार्ड नंबर 2 में 3:00 के बाद भी करीब 70 व्यक्ति लाइन में लगे हुए थे। संवाद

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें