चयनित कलाकारों को राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में मिलेगा मौका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेला के तहत आयोजित की जा रही वॉयस ऑफ बिलासपुर प्रतियोगिता के लिए नयनादेवी जी के कलाकारों के ऑडिशन हुए। ऑडिशन में 50 से अधिक प्रतिभाशाली कलाकारों ने भाग लिया।
16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने लोकगीत, सूफी, बॉलीवुड और पहाड़ी गीतों की प्रस्तुतियां देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। कई कलाकारों ने मधुर आवाज और सशक्त प्रस्तुति से सराहना बटोरी। जिला प्रशासन बिलासपुर द्वारा गठित चयन समिति ने निर्धारित मानकों के अनुसार प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। गायन शैली, स्वर, लय, उच्चारण और मंच प्रदर्शन के आधार पर प्रतिभागियों का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और प्रतिस्पर्धात्मक रही।
चयनित प्रतिभागियों को आगामी चरणों में विशेष ग्रूमिंग सत्रों से गुजरना होगा। इसके बाद शीर्ष प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले के मुख्य मंच पर प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता के विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले को 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पाने वाले प्रतिभागी को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।