सप्ताह में एक दिन हो रही पानी की आपूर्ति
ग्रामीणों में विभाग के प्रति गहराया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी
झंडूता (बिलासपुर)। उपमंडल झंडूता की ग्राम पंचायत जेजवीं के कुठेरन गांव में करीब दो माह से लोगों को पेयजल की समस्या झेलनी पड़ रही है। सप्ताह में केवल एक या दो दिन ही लोगों को पानी की आपूर्ति हो रही है, जिस कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों में जल शक्ति विभाग के प्रति गहरा रोष है। वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि लोगों की पानी की समस्या की जानकारी मिली है शीघ्र निपटारा करवा दिया जाएगा। स्थानीय लोगों में महिला मंडल प्रधान कुठेरन विद्या देवी, प्रकाश चंद, राकेश कुमार, जगदीश कुमार, कांता देवी, देवलता, निर्मला देवी ने बताया कि सप्ताह में एक या दो दिन ही पानी आता है, बाकी के दिनों में नल सूखे पड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि कुठेरन गांव एक ओर गोबिंद सागर झील से घिरा है और दूसरी ओर इलाका पहाड़ी होने के कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ता है। गांव में बने पेयजल टैंक पानी की आपूर्ति न होने के कारण शोपीस बनकर रह गए हैं। पानी के अभाव में ये टैंक खाली पड़े-पड़े फटने लगे हैं, जिससे सरकारी संपत्ति का भी भारी नुकसान हो रहा है। गर्मियों का मौसम नजदीक आ रहा है। ऐसे में पेयजल संकट से गंभीर बीमारियों फैलने की आशंका भी बढ़ गई है। लोगों ने जल शक्ति विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द इस समस्या के समाधान की मांग की है।
लोगों ने कहा कि यदि पानी की आपूर्ति नियमित नहीं की गई तो वे विभाग के प्रति चक्का जाम करने को मजबूर हो जाएंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जल शक्ति विभाग की होगी। उधर, जल शक्ति विभाग झंडूता के अधिशासी अभियंता राकेश कुमार वैद्य ने कहा कि लोगों की पानी संबंधित जानकारी प्राप्त हुई है। कर्मचारियों को मौके पर भेज कर लोगों की समस्या का बहुत जल्द समाधान कर दिया जाएगा।