-भीषण जल संकट से निपटने के लिए ग्रामीणों ने की पहल
-गांव के बोरवेल से 30 हजार लीटर पानी का टैंक बनाकर चलाएंगे अलग योजना
-कमेटी करेगी निगरानी, बिजली खर्च ग्रामीणों से होगा इकट्ठा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। ग्राम पंचायत नौणी के गांव मंडी मानवां में आयोजित ग्रामीण स्तर पर गठित पेयजल कमेटी की बैठक हुई। इसमें आगामी गर्मियों में संभावित जल संकट से निपटने के लिए अपने स्तर पर नई पेयजल योजना बनाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता रमेश चंद कौंडल ने की।
रमेश चंद ने कहा कि गर्मियों में पानी की समस्या कोई नई बात नहीं है। वर्ष 1963 में बनाई गई जबली टरु से रघुनाथपुरा-रामपुर खनसरा-मानवा योजना, फिर चंगर प्लासी-गरनाल योजना और अब कोल डैम योजना इन सभी के बावजूद गांव को पर्याप्त जल नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में कोल डैम से सप्लाई तीसरे दिन में एक बार आती है, वह भी तकनीकी खराबी के चलते कई बार सप्लाई 4-5 दिन भी नहीं मिलती। कमेटी द्वारा यह निर्णय लिया गया कि गांव के खलदनी क्षेत्र में पहले से बने बोरवेल को उपयोग में लाकर एक नई पेयजल योजना शुरू की जाएगी। इस बोरवेल में पहले से मोटर लगी है, जिसकी मरम्मत की जाएगी और साथ ही 30 हजार लीटर का पानी टैंक बनाकर उसे मंडी मानवा के मुख्य टैंक में लिफ्ट किया जाएगा। यह सप्लाई कोल डैम योजना से अलग समय पर दी जाएगी, ताकि दोनों योजनाओं का लाभ मिल सके। इस योजना की निगरानी ग्रामीण स्तर पर गठित कमेटी द्वारा की जाएगी और बिजली आदि के खर्च को ग्रामीण स्वयं वहन करेंगे।
खर्च के लिए ग्राम पंचायत को भी आवेदन किया जाएगा ताकि जरूरी मरम्मत और निर्माण कार्य में मदद मिल सके। बैठक में नौणी पंचायत की प्रधान निर्मला राजपूत विशेष अतिथि रहीं। उपाध्यक्ष बलजीत कौर, महासचिव रजाक मोहम्मद, कोषाध्यक्ष परमानंद, सेवानिवृत्त बिजली अधिकारी जगदीश, मीडिया प्रभारी अभीब अली, पूर्व उप प्रधान शुभम रघु, लियाकत अली और अन्य दर्जनों ग्रामीणों ने भाग लिया।