सड़क निर्माण कार्य से आवागमन हुआ सुगम, विद्यार्थियों, मरीजों और किसानों को मिला फायदा
संवाद न्यूज एजेंसी
भगेड़ (बिलासपुर)। करलोटी-गॉलियां सड़क की हालत में सुधार और निर्माण कार्य होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की सुविधा मिल गई है। सड़क बेहतर होने से विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचने और किसानों को कृषि कार्यों के लिए आवाजाही करने में राहत मिली है। लंबे समय से सड़क की खस्ताहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों ने कांग्रेस सेवादल के घुमारवीं ब्लॉक अध्यक्ष संजीव मल्होत्रा के नेतृत्व में तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी का आभार व्यक्त किया।
संजीव मल्होत्रा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में सड़कों की अहम भूमिका है। करलोटी-गॉलियां सड़क की स्थिति बेहतर होने से स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम हुआ है। उन्होंने कहा कि मंत्री राजेश धर्माणी के प्रयासों से घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है और ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़कें गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों को भी सुगम बनाती हैं। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
ग्रामीणों ने कहा कि करलोटी-गॉलियां सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण उन्हें लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सड़क की हालत सुधरने से अब लोगों को आवागमन में राहत मिली है। उन्होंने सड़क सुधार कार्य के लिए मंत्री राजेश धर्माणी का आभार जताया।