बरमाणा और जमथल पंचायतों के लोगों को आवागमन में हो रही दिक्कत
जिला परिषद सदस्य ने प्रशासन को पत्र भेजकर हस्तक्षेप करने की मांग की
विद्यार्थियों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं को करनी पड़ रही अतिरिक्त दूरी तय
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। अदाणी सीमेंट प्लांट बरमाणा के समीप एक गांव का रास्ता बंद होने से बरमाणा और जमथल पंचायतों के लोगों को भारी परेशानी हो रही है। वर्षों से उपयोग में आ रहे इस मार्ग के बंद होने से विद्यार्थियों, बुजुर्गों और श्रद्धालुओं सहित सभी को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इस मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार ने उपायुक्त बिलासपुर को पत्र लिखकर हस्तक्षेप करने की मांग की है।
ग्राम पंचायत जमथल के बयारी गांव और ग्राम पंचायत बरमाणा के नालग वार्ड के निवासियों ने इस समस्या से अशोक कुमार को अवगत कराया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह मार्ग क्षेत्रवासियों के आवागमन का प्रमुख साधन रहा है। मार्ग बंद होने से उनकी दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। सामाजिक और पारिवारिक कार्यों में भी परेशानी बढ़ी है। यह मार्ग कई गांवों को जोड़ता था, जिससे वैकल्पिक रास्तों पर आवाजाही का बोझ बढ़ गया है। कंपनी परिसर में हुई कुछ अप्रिय घटनाओं के बाद सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सुरक्षा आवश्यक है लेकिन आम जनता की सुविधा और अधिकारों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने वैकल्पिक उपायों की आवश्यकता पर जोर दिया है। यह मार्ग श्री बाबा बालक नाथ सिद्ध मंदिर के समीप से भी गुजरता है, जिससे धार्मिक गतिविधियों पर भी असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों की मुख्य शिकायतें
मार्ग बंद होने से लोगों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। विद्यार्थियों, महिलाओं और बुजुर्गों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे उनकी दैनिक और सामाजिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं। वैकल्पिक मार्गों पर दबाव बढ़ गया है। मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी हो रही है।
प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग
जिला परिषद सदस्य अशोक कुमार ने उपायुक्त को पत्र सौंपा है। उन्होंने मामले की तथ्यात्मक जांच करवाने की मांग की है। अदाणी सीमेंट प्रबंधन के साथ संवाद स्थापित करने को कहा गया है। अशोक कुमार ने सुरक्षा और जनहित के बीच संतुलन बनाने वाले समाधान की अपेक्षा की है। उन्होंने कार्रवाई की जानकारी जनता के साथ साझा करने की भी मांग की है।