- विद्यार्थियों ने शिव मंदिर तक निकाली शोभायात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल घुमारवीं में विद्या की देवी मां सरस्वती का जन्मोत्सव और नन्हे मुन्ने विद्यार्थियों का विद्यारंभ संस्कार मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष रामस्वरूप शर्मा और प्रबंधक चमन कपूर ने द्वीप प्रज्वलित कर की।
वसंत पंचमी के दिन जो बच्चे 4 साल 4 महीने और चार दिन पूरा कर चुके होते हैं उनसे ओम (ऊं) लिखवा कर विद्यारंभ संस्कार करवाया जाता है। इस दिन बच्चे हवन कुंड में आहुतियां डालते हैं और शोभायात्रा निकालते हैं। शोभायात्रा विद्यालय शुरू होकर गांधी चौक होते हुए शिव मंदिर तक निकाली। शोभायात्रा में पहली से दसवीं तक के बच्चों, अभिभावकों और प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रचारक विवेक ने की। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों को बसंत पंचमी के पर्व की महत्ता और समर्पण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस उपलक्ष्य पर प्रधानाचार्य, अभिभावक, प्रबंधन समिति के सदस्य और अन्य उपस्थित रहे।