-दधोल पुल पर गाड़ी में पकड़े करीब 12 पशु, छोटे पशुओं की हालत दयनीय
-पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही चालक और उसका साथी हुए फरार
संवाद न्यूज एजेंसी
भराड़ी(बिलासपुर)। पुलिस थाना भराड़ी के तहत रविवार रात करीब 10:30 बजे दधोल पुल पर एक ट्राला जीप को स्थानीय लोगों ने रोक लिया, जिसमें दर्जन से ज्यादा छोटे-बड़े पशु अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरे गए थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने तक गाड़ी चालक और उसका साथी मौके से फरार हो गए थे।
लोगों का कहना है कि जब उन्होंने चालक से पूछताछ की, तो उसने बताया कि गाड़ी में सिर्फ दो भैंसे हैं। मगर जब जीप खोलकर देखी गई, तो उसमें दर्जन भर से ज्यादा पशु ठसाठस भरे मिले। छोटे-छोटे पशु बड़े पशुओं के पैरों तले दबे हुए थे, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई थी। कुछ पशु अचेत अवस्था में थे, जबकि कई बुरी तरह जख्मी थे। लोगों का आरोप है कि इन पशुओं को तस्करी कर टिक्कर से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर एक या दो पशु ले जाए जाते, तो कोई आपत्ति नहीं होती, लेकिन इस तरह अमानवीय तरीके से ठूंसकर ले जाना क्रूरता की पराकाष्ठा है। घटना की सूचना मिलते ही भराड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक जीप चालक और उसका साथी फरार हो चुके थे। भराड़ी थाना प्रभारी अनूप कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।