घुमारवीं में आयोजित वीर बाल दिवस कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग
भाजपा कार्यकर्ताओं ने साहिबजादों को दी श्रद्धांजलि
पूर्व मंत्री बोले, भाजपा केंद्र सरकार ने दिया साहिबजादों को सम्मान
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। गुरु गोबिंद सिंह के साहिबजादों जोरावर सिंह और फतेह सिंह की स्मृति में वीर बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को घुमारवीं के हारकुकार गुरुद्वारे में घुमारवीं भाजपा की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ, जिसकी अध्यक्षता भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने की, जबकि पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस दौरान साहिबजादों के धर्म और मानवता की रक्षा में दिए गए बलिदान को याद कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग ने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह का संघर्ष क्रूर मुगल शासक औरंगजेब के अत्याचारों के खिलाफ था। उन्होंने कहा कि मुगल शासकों की क्रूरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 9 वर्षीय जोरावर सिंह और 7 वर्षीय फतेह सिंह को भी नहीं बख्शा। धर्म परिवर्तन के लिए दबाव के बावजूद दोनों साहिबजादों ने अन्याय के सामने झुकने से इंकार किया और दीवार में जिंदा चिनवा दिए गए। गर्ग ने कहा कि आज़ादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रही कांग्रेस ने ऐसे महान बलिदानियों की शौर्य गाथाओं को वह सम्मान नहीं दिया, जिसके वे हकदार थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने ऐतिहासिक भूलों को सुधारते हुए साहिबजादों के बलिदान को वीर बाल दिवस के रूप में मान्यता दी है। उन्होंने कहा कि गुरु गोबिंद सिंह और उनके साहिबजादों का बलिदान देश कभी नहीं भूल सकता। इस मौके पर नवीन शर्मा, पुरषोत्तम शर्मा, सरदार प्रेम सिंह, सरदार भाग सिंह, कर्म चंद चंदेल, राम गोपाल, बिमला देवी देवी सहित अन्य मौजूद रहे।