बरठीं में गुलाब के पौधों का रोपण करते समाज सुधार समिति के सदस्य। स्रोत: समिति
व्यापारियों ने रोड डिवाइडर पर लगाए गुलाब के पौधे
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। झंडूता उपमंडल के अंतर्गत स्थित बरठीं बाजार को और अधिक सुंदर व हराभरा बनाने की दिशा में स्थानीय व्यापारियों द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। बाजार में बने रोड डिवाइडर के कुछ हिस्सों पर व्यापारियों ने गुलाब के पौधे रोपित किए हैं, जिससे बाजार की सुंदरता में इजाफा होने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस संबंध में समाज सुधार समिति के अध्यक्ष कुलवंत ढटवालिया ने बताया कि बरठीं बाजार के रोड डिवाइडर पर आज कुछ स्थानों पर गुलाब के पौधे लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल बाजार को आकर्षक बनाएगी बल्कि लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगी। कुलवंत ढटवालिया ने बरठीं बाजार के सभी व्यापारी वर्ग से अपील की कि वे अपनी-अपनी दुकानों के सामने स्थित डिवाइडर हिस्से को साफ-सुथरा रखें तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करें, ताकि पौधे अच्छे से विकसित हो सकें और बाजार में हरियाली का वातावरण बना रहे। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले समय में अन्य व्यापारी भी इस अभियान से जुड़ेंगे और सामूहिक सहयोग से बरठीं बाजार को और अधिक स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाया जाएगा। यह पहल स्थानीय स्तर पर सामुदायिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण का एक सकारात्मक उदाहरण है।