ऋषि मार्कंडेय स्कूल जुखाला में किशोर स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में विजेताओं को सम्मानि
ऋषि मार्कंडेय पब्लिक स्कूल जुखाला में मनाया किशोर स्वास्थ्य दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
जुखाला (बिलासपुर)। ऋषि मार्कंडेय पब्लिक स्कूल जुखाला में स्वास्थ्य विभाग की ओर से किशोर स्वास्थ्य दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल की मुख्याध्यापिका मीरा देवी ने की। इस दौरान भाषण प्रतियोगिता भी करवाई गई, जिसमें वेदांश ने पहला, अंशिका ने दूसरा और आयशा ने तीसरा स्थान हासिल किया। स्वास्थ्य शिक्षक मस्तराम ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सात जनवरी 2014 को शुरू किया गया था। इसके तहत 10 से 19 वर्ष तक के किशोरों के पोषण, मानसिक स्वास्थ्य, प्रजनन स्वास्थ्य, एनीमिया, नशे से बचाव और गैर संचारी रोगों से संबंधित समस्याओं पर जागरूक किया जाता है।
उन्होंने कहा कि किशोरावस्था में सही मार्गदर्शन और परामर्श बेहद जरूरी है। असंतुलित खानपान, शारीरिक गतिविधियों की कमी और नशे की आदतें स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं। स्वस्थ जीवनशैली और नियमित शारीरिक श्रम से कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने किशोरियों को आयरन की गोलियों और मासिक धर्म स्वच्छता कार्यक्रम के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी। इस अवसर पर आशा कार्यकर्ता बलवीर कौर, किरण लता और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।