संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। यूको बैंक शाखा छड़ोल की ओर से सोमवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छड़ोल में वित्तीय साक्षरता, वित्तीय समावेशन एवं डिजिटल बैंकिंग जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और अभिभावकों को बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत, डिजिटल भुगतान और साइबर सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। शिविर में वित्तीय साक्षरता परामर्शदाता विजय धीमान और यूको बैंक छड़ोल के शाखा प्रबंधक कमल देव ने विद्यार्थियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं से अवगत करवाया। उन्होंने यूको बैंक की राइजिंग स्टार योजना के तहत विद्यार्थियों को बचत खाते खोलने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जेब खर्च में से नियमित रूप से कुछ राशि बचाने और छोटी उम्र से ही वित्तीय अनुशासन अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को यूपीआई, मोबाइल बैंकिंग और डिजिटल भुगतान के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में भी बताया गया। साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम पिन और बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करने की सलाह दी गई।