बिलासपुर। कोविड-19 टीकाकरण अभियान के चौथा चरण 21 जून से आरंभ हो रहा है। जिले में खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे घुमारवीं बचत भवन में टीकाकरण महा अभियान का शुभारंभ करेंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रकाश दड़ोच ने बताया कि जिले में लगभग 40 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन की एक खुराक दी जा चुकी है। 21 से 23 जून तक जिले में 18 से 44 आयु वर्ग के 1 लाख 65 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य है। जिले में 21 जून के लिए 49 केंद्र स्थापित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को पूर्व की भांति ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग के आधार पर ही टीके लगाए जाएंगे। जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों का मौके पर टीकाकरण के लिए पंजीकरण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी टीकाकरण केंद्रों पर सुबह 10 से शाम 3 बजे तक टीके लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों का टीकाकरण वीरवार, शुक्रवार व शनिवार को किया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। रविवार के दिन टीके नहीं लगाए जाएंगे। लेकिन राजपत्रित अवकाश वाले दिन टीके लगाए जाएंगे।