बिलासपुर की जबली जेल का मुख्य प्रवेश द्वार। संवाद
विरोध्व करने वालों में बंबर ठाकुर गोलीकांड के आरोपी भी हैं शामिल
जेल प्रशासन ने रविवार सुबह चलाया था तलाशी अभियान
विचाराधीन कैदियों के पास मोबाइल होने की थी आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। तलाशी लेने पर जबली जिला एवं मुक्त कारागार जेल में बंद दर्जन भर विचाराधीन कैदियों ने जेल प्रशासन का विरोध किया और रविवार सुबह खाना-पीना छोड़ दिया। खाना-पीना छोड़ने वालों में पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर गोली चलाने वाले और षडयंत्र रचने वाले आरोपी भी शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार जेल प्रशासन को आशंका थी कि कुछ कैदियों के पास मोबाइल फोन हो सकते हैं। इसलिए रविवार सुबह अचानक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तलाशी में कुछ मिला है या नहीं, उसकी कोई सूचना नहीं दी गई है। तलाशी लेने के दौरान बंबर ठाकुर गोली कांड के आरोपियों ने सबसे पहले विरोध किया। इसके बाद जेल प्रशासन की ओर से जब कैदियों को रविवार सुबह का खाना दिया गया तो बंबर ठाकुर गोली कांड के आरोपियों सहित करीब दर्जन भर कैदियों ने वह नहीं लिया। इसके बाद जेल उपाधीक्षक एनआर भारद्वाज ने इन कैदियों से बात भी की और उन्हें समझाया भी। उधर, जेल के कर्मचारियों का कहना है कि जेल में रूटीन के दौरान कैदियों की तलाशी ली जाती है। हालांकि यह बात भी सामने आ रही कि जेल में कुछ कैदियों की ओर से मोबाइल इस्तेमाल करने की शिकायत जेल विभाग शिमला में गई थी। इसके बाद यह तलाशी अभियान चलाया गया। बता दें कि बंबर ठाकुर गोलीकांड के सात आरोपी जबली जेल में बंद हैं। पिछले सोमवार को बंबर ठाकुर गोलीकांड के मास्टरमाइंड सौरभ पटियाल उर्फ फांदी सहित 10 कैदियों ने एक अन्य कैदी की जमकर पिटाई कर दी थी। इस मारपीट में भी बंबर ठाकुर गोलीकांड मामले में सजा काट रहे कुल सात आरोपी शामिल थे। इन्हीं आरोपियों सहित अब करीब दर्जन भर कैदियों ने खाना-पीना छोड़ दिया। उधर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने बताया कि मामला ध्यान में आया है। इसकी सूचना जेलर का कार्यभार संभाल एसडीएम सदर को दे दी है। जेल प्रशासन कार्रवाई कर रहा है।