अधिक आर डी अकाउंट खोलने के लिए बरठीं क्षेत्र की उमा शर्मा को सम्मानित करते हमीरपुर डाक मंडल की
-552 रिकरिंग डिपॉजिट, फिक्स्ड डिपॉजिट खाते खोलकर हमीरपुर मंडल में रहीं प्रथम
संवाद न्यूज एजेंसी
बरठीं(बिलासपुर)। डाकघरों में चलाए गए एक माह अभियान के तहत बरठीं डाकघर ने हमीरपुर मंडल में सर्वाधिक खाते खोलने का रिकॉर्ड बनाया है। इस उपलब्धि में विशेष योगदान देने वाली एजेंट उमा शर्मा को हमीरपुर डाक मंडल की प्रवर अधीक्षक पवनजोत कौर द्वारा मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
एजेंट उमा शर्मा ने एक महीने में 552 रिकरिंग डिपॉजिट (आरडी) और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) खाते खोलकर हमीरपुर मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, बरठीं डाकघर ने इस अवधि में कुल 2842 खाते खोलकर मंडल में शीर्ष स्थान हासिल किया। घुमारवीं में हुए एक कार्यक्रम के दौरान उमा शर्मा ने कहा कि लोगों का डाकघरों पर विश्वास बढ़ा है और डिजिटलाइजेशन से लेनदेन पहले की तुलना में अधिक आसान हो गया है। बरठीं डाकघर के पोस्टमास्टर रविंद्र राठौर ने बताया कि इस उपलब्धि से डाकघर की सेवाओं में जनता की रुचि और अधिक बढ़ेगी।