कीरतपुर की ओर से आ रही थी गाड़ी, तलाशी में बरामद हुई हेरोइन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बिलासपुर पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने फोरलेन पर गरा के पास नाकाबंदी के दौरान अमृतसर के दो युवकों को 10.45 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ पकड़ा। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसडीटी बिलासपुर की टीम गरा फोरलेन पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान कीरतपुर की ओर से आ रही गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। तलाशी लेने पर गाड़ी में सवार दो युवकों से 10.45 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
आरोपियों की पहचान हुसनदीप सिंह (27) निवासी फतेहगढ़ जुड़िया रोड, कमला देवी एवेन्यू, अमृतसर और गुरप्रीत सिंह (27) निवासी गुलमोहर एवेन्यू, मजीठा रोड, अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस ने इस संबंध में थाना स्वारघाट में मामला दर्ज किया है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने बताया कि जिले में नशे की सप्लाई चेन तोड़ने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। नशे की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।