तलाई थाना पुलिस ने गुप्त सूचना पर की नाकाबंदी, कार भी कब्जे में
हमीरपुर और बिलासपुर के आरोपी गिरफ्तार, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
गेहड़वीं(बिलासपुर)। जिले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में थाना तलाई पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद कर दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की कार को भी कब्जे में लेकर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना तलाई पुलिस की टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि एक कार में सवार कुछ युवक नशीला पदार्थ लेकर गुजरने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत बागछाल पुल के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान कार में बैठे दोनों युवकों के कब्जे से 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामदगी होते ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार निवासी लदरौर, तहसील भोरंज जिला हमीरपुर तथा पंकज कुमार निवासी भदरेट, डाकघर भपराल, तहसील घुमारवीं जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब जांच इस बात को लेकर की जा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी संदीप धवल ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 13.9 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।