-कैबिनेट मंत्री ने परिवार सहित किए दियोटसिद्ध गुफा के दर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि शाहतलाई स्थित बाबा बालक नाथ बाल रूपी मंदिर और माता रत्नों देवी मंदिर का सौंदर्यीकरण और विस्तार किया जाएगा। साथ ही माता रत्नों की भी मूर्ति वहां स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश आर्थिक रूप से संपन्न हो, अन्य राज्यों से बेहतर बनकर उभरे और बेरोजगारों को रोजगार सृजन करने का प्रयास मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से व्यवस्था परिवर्तन के तहत किए जा रहे हैं। कैबिनेट मंत्री राजेश धर्माणी ने रविवार को परिवार सहित उत्तरी भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बाबा बालक नाथ मंदिर दियोटसिद्ध गुफा के दर्शन किए। इसके बाद श्री श्री 1008 महंत राजेंद्र गिरि जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर श्री श्री राजेंद्र गिरि जी महाराज ने मंदिर न्यास की श्रद्धालुओं के हित में चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी से राजेश धर्माणी को अवगत कराया। मंत्री राजेश धर्माणी ने मंदिर न्यास दयोट सिद्ध की ओर से बाबा बालक नाथ जी की गुफा के पुनर्निर्माण की काफी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस गुफा के पुनर्निर्माण से श्रद्धालुओं को बाबा जी के दर्शन करने के लिए कम समय लगेगा। इसके बाद राजेश धर्माणी ने शाहतलाई में मां रत्नों के मंदिर में पूजा अर्चना की। इस अवसर पर मंदिर न्यास अध्यक्ष रोहित शर्मा, मंदिर अधिकारी धर्मपाल नेगी, अधीक्षक विक्रम सिंह राणा, महासचिव कांग्रेस कमेटी विवेक कुमार उपस्थित रहे।