सलनू खंगड़ में सुबह मचा हड़कंप
वन विभाग ने चलाया रेस्क्यू अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के तहत सलनू खंगड़ गांव में बुधवार सुबह उस समय अफरातफरी मच गई जब ग्रामीणों ने दो सांभर को पाइपों के बीच में फंसा हुआ देखा। घटना की सूचना तुरंत स्थानीय लोगों ने वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
ग्रामीणों के अनुसार दोनों वन्यजीव किसी तरह पाइपों के बीच फंस गए थे और बाहर निकलने के लिए लगातार छटपटा रहे थे। वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और सावधानीपूर्वक पाइपों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की। काफी मशक्कत के बाद दोनों सांभर को बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, एक सांभर की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरा जीवित मिला। टीम ने घायल सांभर की प्राथमिक जांच की और बाद में उसे नजदीकी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मृत सांभर का पोस्टमार्टम कराया जाएगा ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। आरओ सदर नरेंद्र सिंह दयाल ने बताया कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्यजीवों के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें ताकि समय रहते उन्हें बचाया जा सके। स्थानीय ग्रामीणों ने भी वन विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि समय पर पहुंचने से एक सांभर की जान बच सकी।