टीम ने चिकित्सा उपकरणों, लैब सुविधा, आपातकालीन का बारीकी से किया निरीक्षण
अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का लिया जायजा, टीम तैयार करेगी एक विस्तृत रिपोर्ट
प्रदेश सरकार, केंद्र सरकार को सभी व्यवस्थाओं की सौंपेगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में बुधवार को जायका की ओर से जापान से आए स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक टीम निरीक्षण ने निरीक्षण किया। टीम ने सुबह 10 बजे से लेकर से दोपहर तक अस्पताल में रहकर स्वास्थ्य सेवाओं की गहन समीक्षा किया। निरीक्षण को लेकर अस्पताल प्रशासन ने स्टाफ के साथ बैठक कर तैयारियां पूरी कर ली थीं।
अस्पताल में निरीक्षण कार्यक्रम चिकित्सा अधीक्षक डा. एके सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने अस्पताल प्रशासन और चिकित्सकों के साथ बैठक कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, संसाधनों के उपयोग और भविष्य में सुधार की संभावनाओं पर विचार साझा किए। टीम ने विभिन्न वार्डों का दौरा कर मरीजों से भी बातचीत की और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल की। अस्पताल प्रशासन के अनुसार क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में पहली बार किसी विदेशी विशेषज्ञ दल का दौरा हुआ है। यह दौरा अस्पताल की सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ और आधुनिक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। टीम में जापान के सात सदस्य और एक भारतीय विशेषज्ञ की टीम ने मरीजों को मिलने वाली सुविधाएं, उपचार व्यवस्था, स्वच्छता प्रबंधन प्रणाली, आपातकालीन सेवाएं, ऑपरेशन थियेटर, लैब सुविधाएं और चिकित्सा उपकरणों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान विशेषज्ञों की टीम ने विभिन्न विभागों का दौरा कर संबंधित अधिकारियों से संवाद किया और मौके पर ही आवश्यक सुझाव सहित फीडबैक भी लिया। विशेषज्ञों ने देखा कि अस्पताल में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप सुविधाओं को किस प्रकार बेहतर किया जा सकता है। जापानी विशेषज्ञों ने अपने देश के अस्पतालों में उपयोग हो रही अत्याधुनिक तकनीक, डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड, संक्रमण नियंत्रण प्रणाली और आपातकालीन सेवाओं के अनुभव यहां के चिकित्सकों के साथ साझा किए। जानकारी के अनुसार निरीक्षण के बाद टीम एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी। रिपोर्ट की एक प्रति प्रदेश सरकार को और दूसरी केंद्र सरकार को सौंपी जाएगी। इसके बाद अंतिम रिपोर्ट टीम अपने साथ जापान ले जाएगी। इस मौके पर डाॅ. भूपेंद्र सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद रहे।
इनसेट
निरीक्षण से क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक मजबूत करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि टीम ने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, उपचार प्रणाली, साफ-सफाई व्यवस्था और अन्य प्रशासनिक पहलुओं का विस्तृत जायजा लिया। उम्मीद है कि इस निरीक्षण और सुझावों से अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के स्तर को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी, जिससे क्षेत्र के मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं मिल सकेंगी। - डाॅ. एके सिंह, चिकित्सा अधीक्षक
इनसेट
इसके अलावा बिलासपुर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था के मूल्यांकन के लिए कायाकल्प अभियान की टीम 28 फरवरी को बिलासपुर अस्पताल पहुंचेगी। टीम अस्पताल में स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, मरीजों की सुविधाओं और प्रबंधन व्यवस्थाओं का आकलन करेंगी। टीम अस्पताल में साफ सफाई अपशिष्ट प्रबंधन, पेयजल, शौचालयों की स्थिति और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की जांच करेगी। अस्पताल प्रबंधन उनकी व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियों में जुट गई है।