-एक चालक ने थाना में शिकायत कराई दर्ज
- आरोपी चालक हुआ फरार, रूट पर भेजना पड़ा दूसरा चालक
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं(बिलासपुर)। घुमारवीं बस अड्डे पर परिवहन निगम के दो बस चालक आपस में भिड़ गए। मामले की शिकायत पुलिस थाना घुमारवीं में एक चालक ने दर्ज कराई है। उसने आरोप लगाया है कि दूसरा चालक शराब के नशे में था। जब उसे मजाक में टोका तो उसने मारपीट की और वर्दी फाड़ दी।
शिकायतकर्ता अश्विनी कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10: 30 बजे पीपलू घाट रूट से बस लेकर घुमारवीं बस अड्डे पर पहुंचा। तकनीकी खराबी होने के कारण बस को निगम के वर्कशॉप में खड़ा कर दिया और मरम्मत कार्य कराने लगा। इस बीच कल पुर्जे की जरूरत पड़ने पर वर्कशॉप के साथ बने कमरे में गया, जहां पर निगम का ही दूसरा चालक बैठा था। उसे देखकर ऐसा लगा कि उसने शराब पी रखी है। हंसी मजाक में उसे टोक दिया। इस पर वह भड़क गया और गाली-गलौज करने लगा। वह चुपचाप सामान निकाल कर बाहर आ गया। वह चालक पीछे से आया और मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में उसकी वर्दी फट गई। इसकी जानकारी बस अड्डा प्रभारी को दी। मामला शांत नहीं हुआ तो वह शिकायत लेकर पुलिस थाने पहुंचा। पुलिस तहकीकात करने बस अड्डे पर पहुंची तो आरोपी चालक भाग चुका था। घुमारवीं बस अड्डा प्रभारी जगतपाल के मुताबिक आरोपी चालक ड्यूटी पर था। उसे दोपहर बाद 4:10 बजे पर चोखना रूट पर बस लेकर जाना था, लेकिन वह बिना किसी को जानकारी दिए फरार हो गया। इस वजह से उस रूट पर दूसरे चालक को भेजा गया। उधर, डीएसपी घुमारवीं चंद्रपाल सिंह ने बताया कि शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है।