महंगे प्लॉट से पहले ही दबे कारोबारियों पर मौसम की मार
आज मौसम खुलने की उम्मीद, कार्यक्रमों पर भी असर
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। राज्य स्तरीय नलवाड़ी मेले में लगातार दो दिन से हो रही बारिश ने खलल डाला। दो दिन हुई बारिश ने कारोबार की रफ्तार थाम दी है, जिससे पहले से बढ़े हुए खर्च से जूझ रहे व्यापारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
इस बार मेले में दुकान लगाने के लिए प्लॉट के दामों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। व्यापारियों का कहना है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बाद शुरुआती दिनों में अच्छी बिक्री की उम्मीद रहती है, लेकिन इस बार मौसम ने सारा गणित बिगाड़ दिया। दो दिन लगातार बारिश होने से लोगों की आवाजाही प्रभावित रही, जिससे दुकानों पर ग्राहकों की संख्या काफी कम रही। बारिश का असर केवल भीड़ पर ही नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं पर भी पड़ा है। लुहणू मैदान में जगह-जगह पानी भर गया है, जबकि मेले को जाने वाली सड़कों पर मिट्टी के कारण कीचड़ फैल गया है। इससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बाहरी राज्यों से आए कई दुकानदारों ने बताया कि उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ महंगे प्लॉट लिए हैं, लेकिन शुरुआती दिनों में कारोबार न के बराबर रहा है। उनका कहना है कि अगर यही हाल रहा तो लागत निकालना भी मुश्किल हो सकता है। कुछ व्यापारियों ने यह भी कहा कि बढ़े हुए किराए के कारण उन्हें सामान के दाम बढ़ाने पड़ सकते हैं, जिससे ग्राहकों पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा।
हालांकि, अभी भी कारोबारी पूरी तरह निराश नहीं हैं। मेले की अवधि 23 मार्च तक है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम साफ होने के साथ भीड़ बढ़ेगी और कारोबार रफ्तार पकड़ेगा। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि नलवाड़ी मेला क्षेत्र का सबसे बड़ा पारंपरिक आयोजन है, जहां अंतिम दिनों में भारी भीड़ उमड़ती है। फिलहाल मेले का गणित पूरी तरह मौसम और भीड़ पर निर्भर हो गया है। महंगे प्लॉट के चलते पहले से दबे कारोबारियों के लिए आने वाले दिन बेहद अहम माने जा रहे हैं। अगर भीड़ अच्छी रही तो नुकसान की भरपाई संभव है, अन्यथा इस बार का मेला छोटे व्यापारियों के लिए घाटे का सौदा भी साबित हो सकता है।
बारिश से मेला मैदान में जमा पानी और सामने लगे विभागीय स्टॉल। संवाद