बध्यात में बारिश से ध्वस्त हुई पशुशाला। स्रोत: जागरूक पाठक
बामटा पंचायत के बध्यात गांव में सुबह के समय हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। लगातार हो रही बारिश अब ग्रामीण क्षेत्रों में नुकसान पहुंचाने लगी है। सदर विकास खंड की बामटा पंचायत के बध्यात गांव के रीढ़ा क्षेत्र में बारिश के कारण दो पशुशालाएं अचानक ढह गईं। हादसे में एक पशुशाला पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दूसरी को आंशिक नुकसान पहुंचा है। गनीमत रही कि घटना के समय गोशालाओं में मौजूद लोगों और पशुओं को कोई नुकसान नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार बध्यात गांव के रीढ़ा क्षेत्र में सुरेंद्र सिंह पुत्र प्यार सिंह और पुरुषोत्तम सिंह पुत्र प्रभु दयाल सिंह की पशुशालाओं की दीवारें आपस में सटी हुई थीं। सुबह करीब सात बजे बारिश के कारण दोनों पशुशालाओं की दीवारें अचानक गिर गईं। इसमें सुरेंद्र सिंह की पशुशाला पूरी तरह जमींदोज हो गई, जबकि पुरुषोत्तम सिंह की पशुशाला को आंशिक नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद मौके पर पहुंचे वार्ड सदस्य ने स्थिति का जायजा लिया। वहीं पंचायत प्रधान को भी मामले की सूचना दे दी गई है। पटवार सर्कल बध्यात के पटवारी सुमन कुमार को भी नुकसान की जानकारी दे दी गई है। प्रभावित परिवारों के अनुसार पशुशाला गिरने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का आकलन करवाकर उचित सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।