बिलासपुर। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सदर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने गश्त के दौरान सिकंदराबाद नई दिल्ली के एक युवक को 103.15 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं, इसी टीम ने 5 किलो 80 ग्राम चरस के साथ एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चिट्टे के साथ पकड़े आरोपी की पहचान सबील (30) पुत्र बलदेव निवासी मकान नंबर 7, डी ब्लॉक नब्बू हाउस पंजाब, स्टेट सिंकदराबाद रोड बीटीएल नई दिल्ली के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सदर थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ कोहलवीं में जबली के पास चंडीगढ़-मनाली एनएच पर गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस वहां से आने जाने वाले वाहनों की जांच कर रही थी। बताया जा रहा है कि आरोपी दिल्ली से नशे की खेप लेकर बस में आया और जबली के पास पुलिस को चकमा देने के इरादे से बस से उतर गया, लेकिन पुलिस ने शक के आधार पर उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास बड़ी मात्रा में चिट्टा बरामद हुआ।
वहीं दूसरे मामले में सदर टीम ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर लखनपुर के पास थुनाग के एक व्यक्ति को 5 किलो 80 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी नशे की खेप को गाड़ी नंबर एचपी 32 ए-4108 टाटा सूमो में चंडीगढ़ की तरफ ले जा रहा था। आरोपी की पहचान गोविंद (36) पुत्र जोर सिंह निवासी खबलेच डाकघर बागा चनोगी तहसील थुनाग जिला मंडी के रूप में हुई है। इस संदर्भ में थाना सदर में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
एसपी बिलासपुर एसआर राणा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशे के धंधे में शामिल लोगों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी है । पिछले दो महीनों में चिट्टे का कारोबार करने वालों के खिलाफ कुल 18 मामले दर्ज किए हैं। जिनमें 440.75 ग्राम चिट्टा, चरस के कुल 16 मामले, जिसमें 6 किलो 836 ग्राम चरस, अफीम के 4 मामले, जिसमें 172.57 ग्राम अफीम, चूरा पोस्त का एक मामला, जिसमें 457 ग्राम चूरापोस्त और एक मामला नशीली दवाइयों का, जिसमें 15 नशीली गोलियों को बरामद किया गया है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि पुलिस को नशा विक्रेताओं के बारे में सूचित करें, ताकि उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके।