जुखाला (बिलासपुर)। जुखाला में कॉलेज चौक पर दो युवकों ने मोबाइल की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दुकान से लैपटॉप, मोबाइल और नकदी पर हाथ साफ किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी अनुसार जुखाला के कॉलेज चौक पर अशोक कुमार मोबाइल रिपेयर की दुकान करता है। अशोक ने बताया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे जब दुकान पर पहुंचा तो ताले टूटे हुए थे। शटर के साथ लोहे की रोड पड़ी हुई थी। दुकान से लैपटॉप, पांच मोबाइल और दो हैडफोन गायब थे, जिनकी कीमत करीब 95 हजार रुपये है। गल्ले से नकदी भी चोरी हुई है। अशोक कुमार ने आसपड़ोस के लोगों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि नवीन ठाकुर नालवाड़ निवासी और गोल्डी निवासी भोली दुकान के पास घूम रहे थे। अशोक कुमार ने पुलिस चौकी नम्होल में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने चंद घंटों में ही दोनों आरोपी को सामान सहित गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर ब्रह्मपुखर की तरफ गए। इसकी सूचना दुकानदार ने पुलिस को दी। नम्होल पुलिस ने ब्रह्मपुखर के पास नाकाबंदी कर दी और युवकों को पकड़ लिया। दोनों युवकों से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है। मामले की पुष्टि एसपी दिवाकर शर्मा ने की है।