बरमाणा में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक त्रिलोक जमवाल। स्रोत: भाजपा
अधिकारियों को दो सप्ताह में समस्या दूर करने के दिए निर्देश
लोगों का कहना, विभाग अपना रहा पिक एंड चूज की नीति
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बरमाणा में चल रही पेयजल समस्या को लेकर सदर विधायक त्रिलोक जमवाल ने क्षेत्र का निरीक्षण किया। लोगों की समस्या जानने के बाद उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही तलब किया। उन्होंने कहा कि इस बार जरूरत से अधिक बारिश होने के बावजूद पानी की समस्या हैरान करने वाली है।
विधायक ने कहा कि पानी के नए कनेक्शन देने के मामले में पिक एंड चूज की नीति स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को सभी घरों को कनेक्शन देने के निर्देश देते हुए कहा कि दो सप्ताह के बाद इसी स्थान पर उनसे रिपोर्ट ली जाएगी। स्थानीय लोगों ने उन्हें कैंची मोड़ और गुग्गा भटेड़ में पेयजल समस्या से अवगत करवाया। लोगों ने कहा कि एसीसी उद्योग की पेयजल योजना का पानी पीने लायक नहीं है। दूसरी पेयजल योजना के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध करवाने के लिए नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इसके लिए सैकड़ों पाइपें आई हैं, लेकिन कनेक्शन देने के मामले में पिक एंड चूज की नीति अपनाई जा रही है। कई घरों में एक से ज्यादा कनेक्शन दिए जा रहे हैं, जबकि कई घरों को इससे वंचित रखा जा रहा है। उन लोगों ने कई बार अधिकारियों से संपर्क किया, लेकिन किसी ने भी मौके पर आकर स्थिति का जायजा लेने की जहमत नहीं उठाई। लोगों को मजबूरन जेब से पैसे खर्च करके पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
स्थानीय लोगों की ओर से उठाई गई समस्या को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता व सहायक अभियंता समेत अन्य अधिकारियों को मौके पर बुलाया। उन्होंने कहा कि इस बार बारिश भी काफी ज्यादा हुई है। ऊपर से सर्दी का मौसम भी शुरू हो गया है। इसके बावजूद यदि लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है तो विभाग आखिर क्या कर रहा है। उन्होंने कहा कि समस्या का समाधान हर हालत में सुनिश्चित किया जाए।