उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 81 कार्मिक किए गए सम्मानित
विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत पर किया नृत्य
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। एम्स बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। संस्थान परिसर में आयोजित समारोह में संकाय सदस्यों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और उनके परिवारजनों ने भाग लिया। समारोह का शुभारंभ एम्स के कार्यकारी निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) दलजीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने 100 फीट ऊंचे ध्वजस्तंभ पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया।
कार्यकारी निदेशक ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद-ए-आजम भगत सिंह सहित असंख्य वीरों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि एम्स जैसे चिकित्सा संस्थान में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण है। मरीजों की सेवा, जरूरतमंदों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना और अपने दायित्वों को संवेदनशीलता व समर्पण के साथ निभाना मानवता और राष्ट्र की सेवा से सीधे जुड़ा है।
समारोह की शुरुआत डीएवी पब्लिक स्कूल, एम्स बिलासपुर के नन्हे-मुन्ने बच्चों की अनुशासित परेड से हुई। बच्चों की वेशभूषा, अनुशासन और आत्मविश्वास से भरी परेड समारोह का प्रमुख आकर्षण रही। इसके बाद विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। बीएससी नर्सिंग के विद्यार्थियों ने भी एकल गायन और हिमाचली नृत्य सहित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
इस अवसर पर उप निदेशक (प्रशासन) लेफ्टिनेंट कर्नल विश्वास प्रदीप परांजपे, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दिनेश कुमार वर्मा, अधिष्ठाता (परीक्षा) डॉ. निधि पुरी, अधिष्ठाता (अनुसंधान) डॉ. अनुपम पराशर, कुलसचिव डॉ. राकेश कुमार सिंह सहित संस्थान के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और उनके परिवारजन मौजूद रहे। संस्थान में उत्कृष्ट, समर्पित और सराहनीय सेवाएं देने वाले विभिन्न श्रेणियों के 81 कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।