- उपायुक्त बिलासपुर ने पूर्व सैनिकों को दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से सेना दिवस के उपलक्ष्य पर शहीद स्मारक बिलासपुर में स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।
उपायुक्त ने कहा कि पूरे देश में आज सेना दिवस मनाया जा रहा है। देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने में वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अतुलनीय रहा है। शहीद वीर सैनिकों की शौर्य गाथाएं युवा पीढ़ी को नई दिशा देने में उन्हें संस्कारवान बनाने के लिए हमेशा प्रेरणा का स्त्रोत रहेंगी। शहीद स्मारक पर शहीदों के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। समिति के प्रदेशाध्यक्ष कैप्टन संजय कुमार ने कहा 1947 में जब देश आजाद हुआ तो देश भर में उथल पुथल का माहौल था। इस कारण प्रशासनिक समस्याएं हो रही थीं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना को आगे आना पड़ा। इस दौरान एक विशेष सेना कमांड का गठन किया गया, लेकिन उस समय भारतीय सेना के प्रमुख ब्रिटिश मूल के हुआ करते थे। इसके बाद 15 जनवरी 1949 को फील्ड मार्शल केएम करियप्पा स्वतंत्र भारत के पहले भारतीय सेना प्रमुख बने। उस दिन से 15 जनवरी को सेना दिवस मनाया जाने लगा। इस मौके पर एडीसी निधि पटेल, हवलदार प्रवीण, कैप्टन धनीराम, सूबेदार मेजर जगजीत सिंह, कैप्टन कुलवीर सिंह, कैप्टन सीताराम, कैप्टन राजेश चंद, सूबेदार मेजर जसवंत सिंह, विद्या सागर, बुद्धि सिंह, जय सिंह, मान सिंह, कृष्ण सिंह, नायब सूबेदार लच्छू राम, देश राज, शिव सिंह, जोगेंद्र सिंह, राजकुमार, रतन लाल, नंदलाल, लेख राम, सुंदर सिंह, प्रेम कुमार, देशराज, विनोद कुमार और कैप्टन रमेश मौजूद रहे।