-अस्पताल में तीमारदारों को ठंड से मिलेगी राहत
-क्रिकेट संघ ने पिछले साल से शुरू की है पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। जिला क्रिकेट संघ की ओर से क्षेत्रीय अस्पताल में मुसाफिर की अंगीठी शुरू की गई है। जब तक ठंड रहेगी तक अस्पताल परिसर में यह अंगीठी चलती रहेगी, जिससे अस्पताल आने वाले लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
क्रिकेट संघ की ओर से पिछले साल की भांति इस बार भी इस पुनीत कार्य को शुरू किया गया है। जानकारी देते हुए जिला क्रिकेट संघ के सचिव विशाल जगोता ने बताया कि सांसद अनुराग ठाकुर के मार्गदर्शन में मुसाफिर की अंगीठी शुरू की गई है। पिछले साल से इसका शुभारंभ किया गया है। इस बार भी ठंड को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल के परिसर में इस अंगीठी को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अक्सर देखा जाता है कि लोग रात के समय अस्पताल में ठंड से ठिठुरते रहते हैं। अधिकतर समस्या आपातकाल में आने वाले लोगों को होती है। इस समस्या को मद्देनजर रखते हुए इस अंगीठी को शुरू किया गया है। यह अंगीठी ठंड के पूरे मौसम में चलती रहेगी। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले मंडी भराड़ी के पास पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने मंडी भराड़ी के पास भी इसकी शुरुआत की है। इस मौके पर बंदला पंचायत प्रधान सतीश ठाकुर, अनिरुद्ध और करप्रीत मौजूद रहे।