संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। बिलासपुर और सोलन जिला की सीमा पर स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट बागा में मुख्य तीन परिवहन सभाओं को सीमेंट ढुलाई का कार्य मिला है। इसमें दी बिलासपुर जेपी परिवहन सहकारी सभा खारसी ने अपने सदस्य और ट्रांसपोर्टरों के उत्थान के लिए नई योजना शुरू की है।
परिवहन सभा खारसी ने अपने ट्रांसपोर्टर सदस्यों के लिए पहले ही दुर्घटना बीमा करवाया है। यह सभा अपने सदस्यों के लिए इस तरह की योजनाएं लागू करने वाली प्रदेश की पहली परिवहन सभा बन गई है। सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने बताया कि अब खारसी परिवहन सभा में कार्यरत चालकों की दुर्घटना में मौत होने पर पांच लाख रुपये पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में दिए जाएंगे।
कहा कि कुछ दिन पहले परिवहन सभा का एक ट्रक चौपाल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में चालक लायक राम पुत्र स्वर्गीय लाला राम गांव द्रोबड़ की मौत हो गई थी। इसी के चलते पीड़ित परिवार के गांव पहुंचकर प्रबंधक कमेटी सदस्य सभा प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में पहुंचे और मृतक की माता बिमला देवी को पांच लाख रुपये की राशि दी।
सभा के महासचिव दौलत सिंह ठाकुर ने बताया कि यह राशि समस्त ट्रांसपोर्टरों ने सभा में इकट्ठी की जो सहकारिता की मूल पहचान है। उन्होंने सभा के समस्त ट्रांसपोर्टर सदस्यों का धन्यवाद दिया। इस मौके पर प्रबंधक कमेटी प्रधान महेंद्र सिंह ठाकुर, परमानंद ठाकुर, धर्मपाल ठाकुर, चमनलाल शर्मा, कुलदीप शर्मा, भागीरथ ठाकुर, रमेश महाजन, राज कुमार, पुरषोत्तम कुमार, प्यारे लाल, राज कुमार, कुलदीप ठाकुर, आत्मदेव शर्मा, श्यामलाल तथा ग्रामीण मौजूद रहे।