बिलासपुर। अखिल भारतीय रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन की राज्य स्तरीय बैठक बचत भवन बिलासपुर में उपायुक्त राजेश्वर गोयल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। जिसमें आबकारी एवं कराधान विभाग तथा ट्रांसपोर्ट विभाग बिलासपुर के अधिकारियों के अलावा एडीसी तोरूल एस रविश व अतिरिक्त आयुक्त उपायुक्त सिद्धार्थ आचार्य शामिल हुए।
बैठक में राज्य के पदाधिकारियों की मांगों पर जिलाधीश राजेश्वर गोयल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी किए। उपायुक्त ने कहा कि फेडरेशन ने मांग रखी थी कि आरटीओ कार्यालय बिलासपुर में जगह की बहुत कमी है। पीने के पानी, बैठने के लिए व्यवस्था ठीक नहीं है। जिस उपायुक्त ने विभाग को इसे ठीक करने के आदेश दिए। वहीं यह भी आश्वासन दिया कि आरटीओ के नए भवन के लिए जगह विभाग ने चिन्हित कर ली है। फेडरेशन ने मांग की थी कि जिला में पासिंग के लिए नई जगहों को चिन्हित किया जाए ताकि एचआरटीसी वर्कशॉप बिलासपुर के पास जाम तथा गाड़ियों को खड़ी करने की समस्या से निजात दिलाई जा सके। यह भी मांग रखी गई कि बागा में चलने वाली गाड़ियों की सुविधा के लिए रानी कोटला के मैदान में पासिंग की व्यवस्था की जाए। जिसके लिए उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए।
उपायुक्त ने कहा कि आबकारी एवं कराधान विभाग तथा ट्रांसपोर्ट विभाग से संबंधित मुश्किलों पर भी फेडरेशन ने मांग रखी थी। विभाग के अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेटरों की समस्या का समाधान कर लिया गया है। गुड्स टैक्स अब ट्रांसपोर्ट विभाग ही ले रहा है। वहीं ट्रांसपोर्ट/चालकों की सुविधा के लिए सभी सुविधाओं से लैस बरमाणा के नजदीक ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि इसके लिए जगह चिन्हित कर ली गई है। जल्द ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बैठक में अखिल भारतीय रोड ट्रांसपोर्ट वर्कर्स फेडरेशन के राज्य अध्यक्ष लेख राम वर्मा, महासचिव विजय वर्मा, उपप्रधान अमर चौधरी, राज्य कमेटी सदस्य रमेश गौतम, करनैल चंदेल, सूबेदार जोगेंद्र ठाकुर, राज्य कोषाध्यक्ष कैप्टन सुरेंद्र मौजूद रहे।